सुंदरनगर/गोहर (मंडी)। सुंदरनगर के जंगमबाग में मंगलवार शाम अचानक पहाड़ी से भूस्खलन की चपेट में दो मकान आ गए। मलबे की चपेट में आने से मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग लापता हैं। ये दो लोग मां और बेटा हैं।
मां-बेटी के अलावा एक महिला का शव बरामद हुआ है। मौके पर एनडीआरएफ समेत अन्य ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है। करीब चार जेसीबी मशीनें मलबा हटा रही हैं ताकि लापता लोगों का सुराग लगाया जा सके।
भूस्खलन के समय सुरजीत सिंह के घर पर चार सदस्य और शिव चंद के घर पर एक बूढ़ी महिला ही रह रही थी। सुरजीत सिंह के घर से एक महिला और एक बच्ची को गंभीर हालत में रेस्क्यू करके सुंदरनगर अस्पताल ले जाया गया, जिन्हें अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित
कर दिया।
रेस्क्यू आॅपरेशन के दौरान एक महिला का शव बरामद हुआ। यह शव शांति देवी का बताया जा रहा है। भूस्खलन के समय सभी लोग बारिश के कारण घरों में ही मौजूद थे। भूस्खलन की कोई आवाज न सुनाई देने से उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे मलबे में दब गए। घटना से करीब डेढ़ घंटे के बाद अचेत अवस्था में मां-बेटी को रेस्क्यू किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मृतकों में भारती (28) पत्नी गुरप्रीत उर्फ सोनू और कीरत (ढाई साल) पुत्री गुरप्रीत के रूप में हुई है। गुरप्रीत और उसकी मां सुरेंद्र मलबे में लापता हैं। दूसरे मकान में 65 वर्षीय शांति देवी का शव मिल गया है। गुरप्रीत पेशे से चालक है। घटना के वक्त गुरप्रीत का भाई घर में नहीं था।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस समेत रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। इससे पहले स्थानीय
लोग भी राहत और बचाव कार्यों में जुट गए। मौके पर रेस्क्यू आॅपरेशन का डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, तहसीलदार अंकित शर्मा जायजा ले रहे हैं। राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ बीबीएमबी सुंदरनगर के जवान और प्रशासनिक टीमें जुटी हुई हैं। उधर, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि रेस्क्यू आॅपरेशन जारी है। स्थिति की निगरानी की जा रही है।