सीएम ने स्वीकृत की है 10 लाख की राशि, आपदा में क्षतिग्रस्त हुई है सड़क
स्थानीय महिलाओं को भी मिला रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
बग्गी (मंडी)। आपदा में क्षतिग्रस्त हुई नाचन विधानसभा क्षेत्र के झूंगी जोन की पंडार वाया सयूंह-मतोग सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। सड़क सुधार कार्य के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने 10 लाख की राशि स्वीकृत की है। ग्राम पंचायत घरोट और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सड़क के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय महिलाओं को भी इसमें रोजगार मिल रहा है।
आपदा में सड़क खराब होने के उपरांत ग्रामीणों को धमाशन-बरोहकड़ी, कोट, सयूंह होकर पंडार तक दो किलोमीटर पैदल सफर करके पहुंचना पड़ता था। अब सड़क का सुधार कार्य होने से ग्रामीणों को पैदल सफर से छुटकारा मिलेगा। आपातकाल में भी एंबुलेंस और वाहन घर तक पहुंच पाएंगे।
स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान काहन सिंह ठाकुर, मीरा देवी, रविंद्र कुमार, रामलाल, पार्वती, कमली, जय देवी, माहेश्वरी, धर्मेंद्र कुमार आदि ने सड़क निर्माण में धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह और कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष ब्रह्म दास चौहान का आभार जताया है। पूर्व पंचायत प्रधान काहन सिंह ने कहा कि इस सड़क के पुनः बनने से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं, कांग्रेस नेता ब्रह्म दास चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री नाचन विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए धन राशि मुहैया करवा रहे हैं। कहा कि घरोट पंचायत की कई विकास योजनाएं मुख्यमंत्री के ध्यान में लाई गई हैं, जिन पर कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश जारी दिए हैं। शीघ्र ही इन योजनाओं को मंजूरी मिल जाएगी।
000