हराबाग, नेर घरवासड़ा, मसौली, ढेलू में सैकड़ों हेक्टेयर भूमि पर तैयार है गेहूं की फसल
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर में मौसम साफ होते ही किसान गेहूं की कटाई में जुट गए हैं। नेर घरवासड़ा, हराबाग, मसौली, ढेलू समेत कई क्षेत्रों में सैकड़ों हेक्टेयर में तैयार फसल को समेटने के लिए 300 से अधिक किसान सक्रिय हैं। निचला गरोडू पंचायत, दारट बगला और जलपेहड़ में भी किसान खेतों में डटे हुए हैं। चौंतड़ा और लडभड़ोल में किसानों ने फसल सुरक्षित निकाल ली है, जबकि कई जगह थ्रेसिंग भी शुरू हो गई है। हाल की बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बाद अब मौसम में सुधार से किसानों को राहत मिली है। जिन खेतों में फसल काली पड़ने की आशंका थी, वहां तेज धूप ने स्थिति संभाल दी है।
ढेलू पंचायत में किसान रमेश, सुनीता, अजय और मीरा देवी ने बताया कि धूप से फसल की नमी खत्म हो गई है, जिससे अनाज की गुणवत्ता बेहतर होगी। हारगुनैण पंचायत की बबिता और सुमित्रा ने कहा कि सूखी फसल अब थ्रेसिंग के लिए तैयार है। मसौली पंचायत के निशा और विनोद कुमार ने भी बताया कि तेज धूप से गेहूं की नमी कम हो गई है और काम तेजी पकड़ रहा है।