10 अगस्त को जिला रोजगार कार्यालय खलियार में होगा कैंपस इंटरव्यू
चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा 3.12 लाख रुपये का सालाना पैकेज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पदों पर भर्ती के लिए 10 अगस्त को कैंपस साक्षात्कार होगा। चयनित अभ्यर्थियों को बैंक में रोजगार के साथ एनआईआईटी आईएफबीआई की ओर से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। भर्ती या प्रशिक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को करीब 3.12 लाख रुपये वार्षिक वेतन मिलेगा।
भर्ती के लिए किसी भी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना अनिवार्य है। फ्रेशर भी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इंजीनियरिंग स्नातक, डिप्लोमा इंजीनियर, सीए और एमबीए अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगे। साथ ही अभ्यर्थी का कोई निकट संबंधी आईसीसीआई बैंक में कार्यरत नहीं होना चाहिए। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति मंडी और आसपास के क्षेत्रों में की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि कैंपस साक्षात्कार 10 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय खलियार (मंडी) में होगा। अभ्यर्थियों को मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।
साक्षात्कार में भाग लेने के लिए जिला रोजगार कार्यालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है या जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे ईईएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष 01905-235508 या मोबाइल 88550-54828 पर संपर्क किया जा सकता है।