हमीरपुर। सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर के चुनाव में हंगामे के बाद पूर्व प्रधान विजय पुरी की अगुवाई में काउंसिल से जुड़े सदस्यों ने बुधवार को एडीसी अभिषेक गर्ग से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान विजय पुरी ने मतदान के समय हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने एडीसी से चुनाव पर जल्द ही आगामी कार्रवाई की मांग की। वहीं, चुनाव में प्रत्याशी रहे तेजनाथ तेज के आरोपों पर विजय पुरी ने बताया कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। रविवार को चुनाव के दौरान काफी हंगामा हुआ था। हंगामे के चलते चुनाव प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई और चुनाव स्थगित हुए।
आरोप था कि चुनाव के दौरान हॉल में करीब 247 सदस्य थे, लेकिन वोटिंग करीब 253 सदस्यों ने की। बीते दिन तेजनाथ तेज ने काउंसिल चुनाव की विजिलेंस जांच की मांग की थी। वहीं, अब पूर्व कार्यकारिणी ने जांच किए जाने को लेकर प्रशासन को मांगपत्र सौंपा है।
विजय पुरी का कहना है कि तेजनाथ तेज को काउंसिल से निष्काषित किए जाने के बाद वह आधारहीन आरोप लगा रहे हैं, जबकि दो वर्ष तक वह काउंसिल की गतिविधियों में शामिल रहे। डीसी से मुलाकात के दौरान ओपी शर्मा, कुलदीप, भगवान, विजय, हंसराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।