आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति का दावा, जल्द बहाल होगी केंद्रीय ग्रांट
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हर्बल गार्डन जोगिंद्रनगर में स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (आरसीएफसी) को लेकर उठ रही मांगों के बीच एक बड़ी उम्मीद जगी है। आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार, महासचिव अजय ठाकुर और जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने रविवार को बताया कि संस्थान का मसला जल्द सुलझने की उम्मीद है। केंद्रीय आयुष विभाग से बजट जारी होते ही यह संस्थान पुन: केंद्रीय ग्रांट पाकर पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर देगा और स्थगित पड़ी सभी जन सुविधाएं सुचारु हो जाएंगी।
यह संस्थान हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को करीब 170 किस्म की जड़ी बूटियों की खेती का प्रशिक्षण, लैब से प्रमाणित उन्नत बीज, नर्सरी और सरकारी सब्सिडी उपलब्ध कराता है जिसके लिए सालाना लगभग 2 करोड़ रुपये का बजट खर्च होता है। केंद्रीय बजट मिलते ही यह क्षेत्र आयुर्वेदिक औषधियों का प्रमुख हब बनेगा।
दूसरी ओर मांगों के समर्थन में चलाए जा रहे क्रमिक अनशन के 39वें दिन पूर्व सैनिक नारायण सिंह थापा, पुलिस एसोसिएशन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ज्ञान चंद ठाकुर, ट्रांसपोर्टर इंदर सिंह ठाकुर और युवा दिनेश कुमार भूख हड़ताल पर बैठे।