नेरचौक से डडौर तक अव्यवस्थित पार्किंग से बढ़ा खतरा, लोगों में रोष
सड़क हादसे ने निगल लीं तीन जिंदगियां
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। नगर निगम क्षेत्र नेरचौक में नेरचौक से डडौर तक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगे हैं। सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहन न होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। इस पूरे क्षेत्र में लंबे समय से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। यह इलाका ऑटो सेक्टर का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां प्रदेशभर से वाहन मरम्मत के लिए लाए जाते हैं। यहां बड़ी संख्या में मेकेनिक की दुकानें और कार्यशालाएं संचालित होती हैं, लेकिन अधिकांश के पास पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसी कारण मरम्मत के लिए आए वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वाहन कई-कई दिनों तक सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं। रात के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कम रोशनी और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क किनारे खड़े वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। सोमवार रात हुए हादसे में भी यही स्थिति सामने आई, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए और सभी मेकेनिक दुकानों को अपने परिसर के भीतर ही पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि अब भी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे दर्दनाक हादसे दोबारा हो सकते हैं।