पुलिस ने जांचे दस्तावेज, बिना पंजीकरण रह रहे लोगों को थाने किया तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में बिना पंजीकरण के रह रहे प्रवासियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बीस से अधिक जगहों पर पुलिस ने दबिश देकर 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। क्षेत्र के गरोड़ू, बालकरूपी, मकड़ैना समेत अन्य जगहों पर दबिश दी। बिना पंजीकरण के रह रहे कुछ लोगों को पुलिस थाना तलब किया है। इस दौरान भवन मालिकों से भी पूछताछ कर किराये के कमरों की तलाशी ली।
समूचे उपमंडल में चोरी की वारदातों और नशे के बढ़ते काले धंधे पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस जीरो टालरेंस अभियान के तहत कार्य कर रही है। सार्वजनिक स्थानों में सीसीटीवी फुटेज खंगालकर प्रवासियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। पठानकोट-मंडी हाईवे पर वाहनों की तलाशी का अभियान तेज कर दिया है।
रविवार को पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि चोरी की घटनाओं में आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेलने के लिए पुलिस ने अभियान शुरू किया है। करीब तीस व्यक्तियों के रक्त के सैंपल एकत्रित कर अभी तक 18 नशेड़ियों पर एफआईआर दर्ज की है। शनिवार देर रात तीन और नशेड़ियों को पुलिस थाना में तलब कर रक्त के सैंपल लिए गए हैं।
...
चोरी की बढ़ती वारदातों और नशेड़ियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अब प्रवासियों के ठिकानों में दबिश देकर पूछताछ कर उनके दस्तावेज जांचे हैं। बिना पंजीकरण अगर कोई भी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं तो भवन मालिकों के खिलाफ भी कानूनी प्रावधान के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-साक्षी वर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी
000