जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने अपनी निधि से राशि देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। गांधी जयंती पर ऊटपुर पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। ग्राम सभा के लिए निर्धारित 250 सदस्यों के कोरम के मुकाबले 256 ग्रामीण उपस्थित रहे। इससे पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा को भी बल मिला।
ग्राम सभा की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पंचायत घर में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। बैठक में सड़क की खराब स्थिति और पेयजल संकट को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्राम सभा की अध्यक्षता कर रहीं लांगणा वार्ड संख्या-36 की जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए ऊटपुर पंचायत की पेयजल योजना के लिए अपनी निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की बचत करने के साथ पंचायत को स्वच्छ रखने में सहयोग देने की अपील की। इस दौरान पंचायत प्रधान रक्षा राठौर, उपप्रधान सुरजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।