मंडी। प्रदेश के अति निर्धन परिवारों के उत्थान के लिए 1.78 लाख अति निर्धन परिवारों को चिह्नित किया गया है। आठ चरणों की प्रक्रिया के बाद चिह्नित इन परिवारों के लिए चालू वित्त वर्ष के बजट में घोषित कर वंचित वर्गों को सरकारी सुविधाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जाएगा।
अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत मंडी के विभिन्न विकास खंडों में 10 से 12 अगस्त तक तीन दिवसीय जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सदर विकास खंड की पंचायत बीर और कोटली में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अति निर्धन परिवारों के कल्याण और उत्थान के लिए संचालित योजनाओं पर व्यापक चर्चा करना है। जन-संवाद से प्राप्त फीडबैक के आधार पर ही प्रदेश सरकार भविष्य की योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर लागू करेगी।
बीर पंचायत में आयोजित संवाद में बीर, गुमाणु, सदोह, तरनोह और सदयाणा पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान बीडीओ सदर सुरेंद्र ठाकुर ने बीपीएल सुविधाओं, आधार कार्ड के लाभ और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही जन समस्याओं का निवारण किया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और बीडीसी सदस्यों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।