सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, मरीजों को ले जा रहे तीमारदार हुए परेशान
सरकाघाट सड़क पर झलवाण के समीप उपभोक्ताओं ने दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन
जाम बढ़ने पर वाहन चालक भी भड़क उठे, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल में रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को सरकाघाट सड़क पर झलवाण के पास उपभोक्ताओं ने खाली सिलिंडर सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे जाम की स्थिति बन गई। आक्रोश के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम बढ़ने पर वाहन चालक भी भड़क उठे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ उपभोक्ता पुलिस से उलझ पड़े, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने संयम और समझदारी से लोगों को शांत करने का प्रयास किया, मगर बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि झलवाण में प्रदर्शन के कारण जाम की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और यातायात बहाल करवाया। वहीं, इंडेन गैस एजेंसी जोगिंद्रनगर के संचालक राकेश कुमार ने कहा कि गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, इसके बावजूद प्रदर्शन किया जाना समझ से परे है।
पुलिस की निगरानी में वितरित हुए गैस सिलिंडर
विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और गैस एजेंसी संचालकों को तुरंत झलवाण गांव में सिलिंडर भेजने के निर्देश दिए। हालांकि, आक्रोशित भीड़ को देखते हुए पुलिस तैनात करनी पड़ी। दोपहर तीन बजे तक सिलिंडरों की आपूर्ति जारी रही, लेकिन उपभोक्ताओं द्वारा ओटीपी नंबर लेने की प्रक्रिया के बीच करीब चार बजे तक शोर-शराबा चलता रहा। इस दौरान जाम में फंसे वाहनों में मरीजों को ले जा रहे लोग भी परेशान हुए। तीमारदार दिवांशी ने बताया कि वह दमा के मरीज को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन झलवाण के पास जाम के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जोगिंद्रनगर- सरकाघाट राज्य मार्ग पर झलवाड़ के समीप गैस सिलिंडर न मिलनेपर विरोध जताते ग्रामीण। स