जोगिंद्रनगर की ढेलू पंचायत में नशे के विरूद्ध सजी महापंचायत में उपस्थित जनसमूह। स्रोत संस्थान
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में नशे के विरुद्ध महापंचायत में अब हर घर से नशा हटाने का एलान किया गया। नशा बेचने और खरीदने वालों की संपत्ति भी जब्त होगी। शनिवार को प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय जोगिंद्रनगर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आलाधिकारियों, शिक्षाविदों ने नशे के विरुद्ध हुंकार भरी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि पुलिस माफिया के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच बिठाकर सख्त कार्रवाई अमल में ला रही है। जोगिंद्रनगर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. निशा वैद्य ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए हर वर्ग के लोगों को आगे आने की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ एजुकेटर शेर सिंह वर्मा ने कहा कि नशे ने हमारे समाज को अस्वस्थ कर दिया है। कार्यक्रम की वक्ता सावित्री देवी ने भी नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए उपस्थित जनसमूह को इस बुराई को समाज से हटाने के लिए शपथ दिलाई। इस मौके पर रंजना, अंजना, ईशांत ने भी नशे के विरुद्ध अपने विचार साझा किए। संवाद