बालीचौकी-थाची-चलौट मार्ग पर पंजाई के समीप दुर्घटनाग्रस्त निजी बस। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी-थाची-चलौट मार्ग पर पंजाई के समीप सोमवार सुबह एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। बस में 30 यात्री सफर कर रहे थे। हादसे में करीब छह यात्री घायल हुए है, जिन्हें पीएचसी नगवाईं में उपचार दिया गया है।
बालीचौकी-थाची-चलौट मार्ग पर सोमवार सुबह एक निजी बस रोजाना की तरह बालीचौकी की ओर आ रही थी। इस दौरान पंजाई के समीप बस में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। इसे भांपते हुए बस चालक ने बस को पहाड़ी से टकरा दिया और बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में सवार अधिकांश यात्री देवता मतलोड़ा की कार्तिक पूज से लौट कर अपने घरों को जा रहे थे। यदि चालक ने सूझबूझ न दिखाई होती तो बस साथ लगती गहरी खाई में लुढ़क सकती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़े, जिन्होंने आंशिक रूप से घायलों को बस से निकालकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को पीएचसी नगवाईं पहुंचा कर प्राथमिक उपचार दिलाकर घर भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बालीचौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पंहुची और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई।
उधर, बालीचौकी पुलिस चौकी प्रभारी ज्ञान चंद ने बताया कि यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे में कुछ लोगों को आंशिक रूप से चोट आई हैं जबकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं। संवाद