जोगिंद्रनगर के पठानकोट चौक पर आधी रात की मरम्मत बेअसर, सुबह फिर उभरे गहरे गड्ढे
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर जोगिंद्रनगर के पठानकोट चौक में गहरे गड्ढों की कंक्रीट से मरम्मत कुछ ही घंटों में बह जाने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आधी रात की कार्रवाई के बावजूद सुबह होते ही सड़क पर दो फीट तक गहरे गड्ढे फिर उभर आए।
स्थानीय व्यापार मंडल और लोग आरोप लगा रहे हैं कि एनएचएआई ने समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक मरम्मत की। बंद नालियों और खराब ड्रेनेज के कारण तेज बहाव से कंक्रीट बह गया और सड़क की स्थिति पहले जैसी हो गई। दुकानदारों ने बताया कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार गिरावट झेल रहा है। लोग चेतावनी दे रहे हैं कि जब तक स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था नहीं बनती, आंदोलन संभव है।एनएचएआई के साइट इंजीनियर अंकित कुमार ने कहा कि ड्रेनेज के कारण सड़क पर पानी आता है और इसे दूर करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।