टारिंग उखड़ जाने से वाहन चालकों की बढ़ीं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बलद्वाड़ा (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत आने वाली कलखर–पटड़ीघाट–ढलवान सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं तथा कई स्थानों पर टारिंग उखड़ जाने के कारण वाहन चालकों सहित आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पूर्व लोक निर्माण विभाग से जुड़े ठेकेदार के मजदूरों ने सड़क किनारे उगी घास की कटाई तो कर दी, लेकिन नालियों की सफाई नहीं की गई। इससे आने वाले बरसात के मौसम में जल निकासी की समस्या और अधिक गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
इसके अतिरिक्त सड़क पर कई स्थानों पर मिट्टी के ढेर भी लगाए गए हैं, जिससे वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। संकरी सड़क पर एक-दूसरे को पास देते समय दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
ढलवान ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सुनील ठाकुर, पटड़ीघाट पंचायत के पूर्व प्रधान विधि चंद, वीरी सिंह, जगत राम, मनोज, संजय कुमार, दीपक राज सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि सड़क के गड्ढों को बजरी डालकर तुरंत दुरुस्त किया जाए तथा आवश्यक टारिंग करवाई जाए, ताकि आम जनता और वाहन चालकों को राहत मिल सके। साथ ही सड़क किनारे बनी नालियों की भी तुरंत सफाई करवाई जाए।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बलद्वाड़ा के सहायक अभियंता भूपेंद्र पाल ठाकुर ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी, लेकिन मामले की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी तथा सड़क की स्थिति को शीघ्र सुधारने के प्रयास किए जाएंगे।