मंडी। मंडी में चिट्टा तस्करी के एक मामले में मंडी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने के मामले में डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि इस मामले में पुलिस के हाथ पूरी तरह से साफ है। चाहे कोई भी एजेंसी इसमें जांच कर सकती है। दरअसल वह पुलिस लाइन मंडी में मीडिया से चुनाव में पुलिस की तैयारी को लेकर जानकारी दे रहे थे।
इसी दौरान मीडिया ने उनसे इस बारे में प्रश्न किया, जिस पर उन्होंने कहा कि क्रिप्टोकरंसी के मामले में भी जब पुलिस के लोगों पर बात आई थी तो जांच बैठाई थी और आज वह लोग सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष होकर अपना काम कर रही है।
वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की और तीन आरोपी पकड़े हैं। इनमें से कोई भी पुलिस का नहीं है, सभी लोग बाहरी हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक तस्कर के पुलिस की हिरासत से भागने की बात है तो इस पर भी जांच की जा रही है कि आखिर इसमें पुलिस की लापरवाही कहा हुई है।
वहीं, कांगड़ा जिला में हाल ही में हुई दो घटनाएं जिनमें छात्रा को दराट से हमला करना और युवक की हत्या मामले पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों ही मामलों में कानून के तहत त्वरित कार्रवाई की है और आगामी कार्रवाई चल रही है