मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के विभिन्न इलाकों से गाड़ियों के महत्वपूर्ण पार्ट ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉड्यूल) को चुराने वाले शातिर को मंडी पुलिन ने दिल्ली से दबोच लिया है। पुलिस शातिर को पकड़कर मंडी ले आई है। आरोपी ने 28 जनवरी 2024 को औट, मंडी, धनोटू और सुंदरनगर से करीब 10 गाड़ियों के ईसीएम चुरा लिए थे। घटना के बाद शातिर भूमिगत चल रहा था।
गाड़ियों के ईसीएम चुराने का आरोपी 40 वर्षीय अभिषेक गुप्ता निवासी शाहजहांपुर, बरेली उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है, जो करीब 15 साल से हाउस नंबर 232, टॉप फ्लोर चांदनगर, नजदीक कन्हैया पार्क, तिलक नगर दिल्ली में अपने परिवार और बच्चों के साथ रह रहा है। 28 जनवरी की रात को अभिषेक मनाली से वापस दिल्ली जा रहा था।
इस दौरान उसके साथ एक नेपाली मूल का लड़का भी था, जोकि चोरी करने में उसकी मदद कर रहा था। नेपाली मूल के युवक की पहचान 18 वर्षीय रोहित के रूप में हुई। वह दिल्ली के ख्याला इलाके की झोंपड़पट्टी में रहता है। वर्तमान में एक किसी अन्य चोरी के केस में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
घटना वाली रात दोनों आरोपियों ने मंडी में भ्यूली चौक के पास दो आई-20, दो वर्ना, धनोटू में एक आई 20, सुंदरनगर में तीन आई 20, औट में एक आई 20 और एक वर्ना कार समेत कुल 10 गाड़ियों के ईसीएम चोरी किए थे। इसके बाद कार मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने सभी थानों में केस दर्ज किए।
जांच के दौरान फोरलेन पर स्थापित आईटीएमएस (इंट्रीगेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) से आरोपियों द्वारा प्रयोग की गई गाड़ी का नंबर, रूट और भ्यूली में चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज मिली। मगर शातिरों का पता नहीं चल पाया। बीते हफ्ते सुराग मिलने पर मंडी पुलिस थाना से एएसआई विनोद कुमार की अगुवाई में टीम दिल्ली भेजी गई, जिसने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस आरोपी से अन्य चोरी घटनाओं को लेकर भी पूछताछ करेगी। मामले में नियमानुसार जांच जारी है।
उत्तर भारत में घूमकर चुराता था गाड़ियों का ईसीएम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शातिर अभिषेक उत्तर भारत के विभिन्न शहरों में घूमकर रात के अंधरे में गाड़ियों के ईसीएम चुराता था। पिछले कई सालों से इस कार्य को अंजाम दे रहा था। ईसीएम चुराने के बाद वह दिल्ली ले जाता था, यहां आसानी से 15 से 20 हजार रुपये में बिक जाते थे। एक साथ दर्जनों ईसीएम के उसे लाखों में कमाई होती थी। अब पुलिस के हत्थे चढ़े अभिषेक को अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। ऐसे में कई खुलासे हो सकते हैं।