14 बैंकों को पत्र भेजकर ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और खाताधारकों की जानकारी मांगी
साइबर सेल ने ठगी से जुड़े एक खाते को फ्रीज भी करवाया
डिजिटल पर न चलाएं...
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। ऑनलाइन निवेश के नाम पर गोहर के एक व्यक्ति से हुई करीब साढ़े सात लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और वहां से किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई, इसका पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है। रकम की कड़ी जोड़ने के लिए पुलिस ने करीब 14 बैंकों को पत्र भेजकर ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और खाताधारकों से संबंधित जानकारी मांगी है।
पुलिस ने बैंकों से संबंधित खातों में हुए लेन-देन, रकम ट्रांसफर से जुड़े लिंक, खाताधारकों की पहचान और पते समेत अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा है। जानकारी मांगे गए बैंकों में बैंक ऑफ महाराष्ट्र, यस बैंक, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बैंक ऑफ इंडिया, कोटक महिंद्रा बैंक, बंधन बैंक और एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंक शामिल हैं।
साइबर सेल ने ठगी से जुड़े एक खाते को फ्रीज भी करवाया है। इस खाते में पीड़ित ने 6,500 रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम सबसे पहले किस खाते में पहुंची और इसके बाद उसे किन-किन खातों में भेजा गया। ट्रांजेक्शन की पूरी कड़ी सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ठगी से जुड़ी हर कड़ी को जोड़कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही जांच को किसी नतीजे तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।