त्योहारी सीजन के चलते जोगिंद्रनगर में रात्रि गश्त के दौरान वाहन की तलाशी लेते पुलिस जवान। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दीपावली पर्व को देखते हुए मंडी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है और जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की तलाशी के साथ ही शहर के होटलों में पुलिस की टीमें छापेमारी कर बाहरी राज्यों से आए लोगों के दस्तावेज जांच रही हैं। पुलिस का यह हाई अलर्ट पूरे मंडी जिले सहित प्रदेशभर में घोषित किया गया है ताकि त्योहार के दौरान ठगी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों को रोका जा सके।
जोगिंद्रनगर थाना के अंतर्गत पुलिस चौकी घट्टा ने मंडी-कांगड़ा सीमा और अन्य प्रमुख सड़कों पर हाईवे पेट्रोल पुलिस के साथ मिलकर नाकेबंदी कर रखी है। शहर के गलू, हराबाग और चौंतड़ा में भी पुलिस की टीमें निरंतर पेट्रोलिंग कर रही हैं और संदिग्ध वाहनों पर नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों का सहारा लेते हुए शहर में सुरक्षा का इंतजाम और भी मजबूत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और डीएसपी पधर देवराज के निर्देशों का पालन करते हुए सभी उपमंडल पुलिस चौकियों में 24 घंटे सक्रिय पुलिस बल तैनात है। डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि मंडी जिले और जोगिंद्रनगर में दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा के हर संभव उपाय किए जा रहे हैं और संदिग्ध वाहनों तथा बाहरी लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है।