करसोग (मंडी)। दीपावली के मद्देनजर करसोग प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए विशेष स्थानों को चिह्नित किया है। केवल लाइसेंसधारी विक्रेता ही इन स्थानों पर पटाखे बेच सकेंगे, जबकि बाजार के अन्य स्थानों पर बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
करसोग प्रशासन ने रामलीला मैदान पुराना बाजार, इमला पुल के पास, नया डाकघर करसोग, चुराग में सनोती रोड, तत्तापानी में सतलुज ब्रिज के पास और पांगणा अस्पताल रोड के पीछे पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए हैं। अस्पताल, कॉलेज, स्कूल और पुस्तकालय के पास पटाखों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। पटाखों का उपयोग केवल शाम 8 से 10 बजे के बीच ही किया जा सकेगा।
कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार करसोग वरुण गुलाठी ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बेचना प्रतिबंधित है। साथ ही, विदेशी पटाखों पर नजर रखने के लिए एक विशेष कमेटी भी गठित की गई है, जो प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करेगी।