पंडोह (मंडी)। बवासीर, भगंदर और अन्य गुदा रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर आने वाला है। क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान पंडोह में 9 और 10 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर के विशेषज्ञ नई तकनीक से मुफ्त ऑपरेशन करेंगे।
इस सेमिनार के दौरान क्षार कर्म और कम चीरे वाले ऑपरेशन किए जाएंगे, जिससे मरीज अगले दिन ही अपनी सामान्य दिनचर्या को जारी रख सकेंगे। संस्थान के सहायक निदेशक डॉ. राजेश संड ने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह से मुफ्त है। ऑपरेशन करवाने के इच्छुक मरीजों को पांच से सात अक्टूबर तक संस्थान में आकर अपना पंजीकरण करवाना होगा।
पंजीकरण के बाद यहां मौजूद चिकित्सक मरीजों का पूरा परीक्षण करेंगे। केवल परीक्षण में उत्तीर्ण मरीजों को ऑपरेशन के लिए दाखिल किया जाएगा। बिना पंजीकरण वाले मरीजों के ऑपरेशन नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी ऑपरेशन नई और आधुनिक तकनीक से विशेषज्ञों द्वारा किए जाएंगे, जो रोगियों के लिए एक सुरक्षित और प्रभावी उपचार विकल्प प्रदान करेगा।
डॉ. संड ने कहा कि अधिक जानकारी के लिए मरीज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संस्थान में आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस कार्य के लिए डॉ. विनिता कुमारी नेगी को तैनात किया गया है।