डडौर में बैठक कर सरकार से एकमुश्त मांगा बकाया
संवाद न्यूूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। महंगाई भत्ते की दो किस्तों का एरियर न मिलने पर पेंशनर भड़क उठे हैं। पेंशनरों ने संशोधित ग्रेच्युटी, लीव-इनकैशमेंट, कम्यूटेशन की बकाया राशि और जारी महंगाई भत्ते की दो किस्तों का एरियर न मिलने पर सरकार के प्रति रोष जताया। शीघ्र एकमुश्त भुगतान करने की मांग की।
हिम आंचल पेंशनर संघ बल्ह इकाई की बैठक सोमवार को खंड के प्रधान मंगत राम चौधरी की अध्यक्षता में डडौर में हुई। बैठक का संचालन महासचिव जय राम नायक ने किया। बैठक में पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर मंथन किया। पेंशनरों ने चिकित्सा बिलों के लिए सरकार से पर्याप्त बजट जारी करने का आग्रह किया।
खंड के प्रधान मंगत राम चौधरी ने समस्त पदाधिकारियों से सत्र 2025-27 के लिए सदस्यता कार्यक्रम में सहयोग का भी आह्वान किया। बैठक में खंड स्तर पर चलाई जा रहीं गतिविधियों के साथ 17 दिसंबर को हमीरपुर में प्रदेश स्तरीय पेंशनर दिवस समारोह में हुई चर्चा के बारे में भी पेंशनरों को अवगत करवाया। बैठक में परम देव जाट, देव राज, तेज सिंह चौधरी, लुद्दर दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद