एंटी चिट्टा अवेयरनेस क्रिकेट टूर्नामेंट में डीटैक्स वॉरियर्स को नौ विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। पुलिस विभाग की ओर से आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन बलोरिया इलेवन और डीटैक्स वॉरियर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। बलोरिया इलेवन ने 88 रन के लक्ष्य को महज 5.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीटैक्स वॉरियर्स की टीम 13.3 ओवर में 87 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सुमित शर्मा ने 30 गेंदों में 43 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया। जवाब में बलोरिया इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। पवन कुमार ने केवल 16 गेंदों में 54 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई। उनकी पारी की बदौलत टीम ने निर्धारित लक्ष्य को तेजी से हासिल कर लिया।
मंडी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि युवाओं को चिट्टे जैसी नशे की बुरी लत से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में क्रिकेट प्रतियोगिता और वॉक मैराथन जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस टूर्नामेंट में करीब 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।