निजी क्लीनिकों का रुख करने को मजबूर मरीज, चार दिन से नहीं मिल रहा उपचार
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में चार महीने पहले हुई थी तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में तैनात एकमात्र त्वचा रोग विशेषज्ञ के चार दिन से अवकाश पर होने के कारण मरीजों को चर्म रोग की जांच और उपचार सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई मरीजों को मजबूरी में निजी क्लीनिकों या 15 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज नेरचौक का रुख करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में लंबे समय से त्वचा रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त था। करीब चार महीने पहले विशेषज्ञ की तैनाती होने के बाद मरीजों को राहत मिली थी। अब विशेषज्ञ के अवकाश पर जाने से फिर से चर्म रोगियों की परेशानी बढ़ गई है।
शनिवार को उपचार के लिए पहुंचे पधर की कृष्ण देवी, कंचन, बाखली पंडोह की हिम्मा देवी, पूर्ण चंद, स्यांज गोहर के परमदेव और पुलघराट के चेतन ने बताया कि वे सुबह अस्पताल पहुंचे थे। पर्ची काउंटर पर ही उन्हें विशेषज्ञ के अवकाश पर होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें सामान्य ओपीडी में उपचार करवाना पड़ा।
बॉक्स
अस्पताल प्रबंधन मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए प्रयासरत है। मौजूदा समय में अस्पताल में एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। आवश्यक कार्य के चलते उन्हें अवकाश पर जाना पड़ा है। जल्द ही उनके लौटने पर मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी। -डॉ. दिनेश ठाकुर, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल मंडी