दवाडा फ्लाईओवर के नीचे चट्टाने हटाती मशीनरी। संवाद
पंडोह (मंडी)। कीरतपुर-मनाली फोरलेन में मंडी से कुल्लू के बीच सफर परेशानी भरा हो गया है। यात्रियों को ही नहीं, मालवाहक वाहनों के चालकों को भी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। शनिवार को मंडी से कुल्लू के बीच हाईवे की मरम्मत के चलते पांच घंटे यातायात बंद रहा। यात्री वाहनों में सवार मुसाफिरों को भूख प्यास से खूब सताया। सुबह 9:30 बजे से हाईवे बंद कर दिया गया था जिसे दोपहर बाद 2:30 बजे बहाल किया।
हाईवे पर वाहनों को नौ मील और औट के पास रोक दिया गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़े वाहनों को एनएच खुलने का इंतजार करना पड़ा। छोटे वाहनों का आवागमन वाया कटौला समय स्लॉट के अनुसार हुआ। इसके अलावा दवाडा फ्लाईओवर के पिलर में दरारें आई थीं, वहां रेत से भरी बोरियों से अस्थायी सहारा दिया गया है। मशीनरी ने बड़े-बड़े पत्थरों को हटाया। इसके बाद हाईवे को दोतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया। मरम्मत कार्य के साथ पंडोह के पास, नौ मील क्षेत्र और बांध के समीप डयोड में भी एनएच पर पड़े मलबे को हटाया गया। यहां भी एनएच को पूरी तरह से साफ कर यातायात सुचारु किया गया।
उधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश या भूस्खलन की स्थिति में यात्रा करते समय सतर्क रहें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इसी को देखते हुए पुलिस जवान भी तैनात किए गए हैं।
एनएचएआई पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि मरम्मत कार्य को प्राथमिकता पर पूरा किया गया ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका न रहे।
...
एक और पिलर में दरारें
मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दवाडा फ्लाईओवर खतरे की जद में आ गया है। फ्लाईओवर के पिलर नंबर-25 में दरारें आने लगी हैं। इससे पहले भी दो पिलर क्षतिग्रस्त हुए हैं। लगातार पिलरों में आ रही दरारें इस फ्लाईओवर की मजबूती पर सवाल खड़े कर रही हैं और किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इस संबंध में परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि निगरानी की जा रही है। आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
000