सराज क्षेत्र के 47 बीडीसी सदस्यों को आज से दिया जाएगा चार दिवसीय प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग स्थित पंचायतीराज प्रशिक्षण संस्थान में आपदा के करीब एक वर्ष बाद 9 सितंबर से नियमित प्रशिक्षण कक्षाएं फिर शुरू होंगी। प्रशिक्षण गतिविधियां दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में खुशी है।
पिछले एक वर्ष से संस्थान में प्रशिक्षण बंद था और इसे बिलासपुर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता बनी हुई थी। अब थुनाग में प्रशिक्षण बहाल होने से इन अटकलों पर विराम लग गया है। संस्थान के प्रभारी गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि 9 सितंबर से चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इसमें सराज, गोहर और धनोटू विकासखंडों की पंचायत समितियों के 47 बीडीसी सदस्यों को पंचायतीराज व्यवस्था, पंचायत समिति की कार्यप्रणाली तथा संवैधानिक अधिकारों व दायित्वों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण शुरू होने से क्षेत्र की प्रशासनिक और स्थानीय गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।