पंचायत समिति चौंतड़ा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की ताजपोशी कोरम पूरा नहीं होने के कारण नहीं हो पाई। अब 19 जनवरी को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। 20 सदस्यों वाली चौंतड़ा पंचायत समिति का चेयरमैन का पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है।
खंड चौंतड़ा में इस बार के पंचायत चुनावों में एक मात्र महिला ही कथौण वार्ड से अन्य पिछड़ा वर्ग महिला अंजू देवी ही जीत कर आई है। निर्विरोध पंचायत समिति चौंतड़ा की चेयरमैन बनने वाली अंजू देवी भी बुधवार को बैठक में नहीं पहुंची। जिससे भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्य उपाध्यक्ष का भी चुनाव नहीं कर पाए।
चौंतड़ा बीडीसी में भाजपा समर्थित 12 सदस्य चुनाव जीत कर आए हैं। पहली ही बैठक में कोरम पूरा न होने से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया। 19 जनवरी को दोबारा बैठक बुलाई गई है। भाजपा समर्थित सभी 12 पंचायत समिति सदस्य विकास खंड अधिकारी चौंतड़ा पहुंचे।
निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम जोगिंद्रनगर राहुल चौहान ने बताया कि पहली बैठक में दो तिहाई सदस्यों का आना जरूरी होता है। जिसके चलते दो सदस्यों की कमी थी। कोरम के अभाव दूसरी बैठक दस दिनों के भीतर बुलाई जानी होती है। जिसके लिए 19 जनवरी को बैठक में साधारण बहुमत होना जरूरी है।
भाजपा फिलहाल उपाध्यक्ष के पद दावेदारी जता रही है। बंदेहड वार्ड के संजीव कुमार, मटरु के अजय कुमार, ऐहजू से मधुरानी, टिकरी से सुरजीत कुमार, टिकरु से रीता देवी, द्राहल से संजीव कुमार, द्रुब्बल से सुनीता कुमारी, तुलाह वार्ड से रंजना ठाकुर, ऊटपुर से राधा कुमारी, दलेड़ से दलीप सिंह, मतहेड़ से सिंकदरा देवी बैठक में उपस्थित रहे।