विकास खंड चौंतड़ा के तहत आने वाली 40 ग्राम पंचायतों में तीन
चरणों में होने वाले पंचायती चुनावों के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
चुनाव के लिए सात सेक्टर ऑफिसर भी वाहन सेवाओं सहित नियुक्त किए गए हैं।
जो पल-पल मतदान गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
उपमंडल अधिकारी (ना.) व
निर्वाचन अधिकारी जोगिंद्रनगर राहुल चौहान ने बताया कि 40 पंचायतों के
चुनाव के लिए विकास खंड चौंतड़ा में 114 पोलिंग स्टेशन निर्धारित किए गए
हैं। जिनमें स्थापित किए 242 मतदान बूथों पर पंचायती राज वोटर अपना मत
डालेंगे। चौंतड़ा खंड की 40 पंचायतों में कोई पोलिंग स्टेशन अतिसंवेदनशील
श्रेणी में नहीं है, वहीं 27 पंचायतों में स्थापित मतदान बूथों में से 75
बूथों को संवेदनशील में घोषित किया है।
चौंतड़ा खंड के पंचायत चुनावों में
मतदान करवाने के लिए 88 मतदान पार्टियों का गठन किया है जिसमें सुचारू रूप
से 352 चुनाव कर्मचारी अपना सेवाएं देंगे। एक मतदान केंद्र पर एक एक
पीठासीन अधिकारी तथा तीन तीन मतदान अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने
बताया कि निष्पक्ष मतदान करवाने के लिए हर पोलिंग स्टेशन के बूथ पर पुलिस
कांस्टेबल, होम गार्ड के दो जवान मतदान के समय ड्यूटी पर तैनात रहेंगे और
संवेदनशील पोलिंग बूथों पर पुलिस व हैड कांस्टेबल समेत होम गार्ड जवानों के
साथ अतिरिक्त सुरक्षा दल अपनी सेवाएं देंगे। किसी भी गड़बड़ी को रोकने के
लिए थानों व पुलिस चौकियों में 5 से 20 कर्मियों को रेस्कयू वाहनों के साथ
तैनात रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान को सुरक्षित तरीके से संपन्न
करवाने के लिए सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।