जोगिंद्रनगर के भडियाडा डोहग सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। स्त्रोत- जागरूक पाठक
चौंतड़ा (मंडी)। डोहग-भड़ियाड़ा सड़क पर बुधवार को भड़ियाड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में सड़क किनारे चर रही एक गाय ट्रक की चपेट में आ गई और उसके नीचे दबने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक को भी आंशिक चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक भड़ियाड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप पहुंचा ही था कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इसी दौरान वहां चर रही गाय ट्रक के नीचे आ गई। हादसे में ट्रक को भी काफी नुकसान पहुंचा है। ट्रक मालिक बदरी को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने के लिए दोपहर बाद तक जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई। इसके चलते सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक से हादसे के कारणों को लेकर पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस हादसे की जांच कर रही है।