जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की बदहाली पर क्षेत्र की सामाजिक संस्थाओं ने अब एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन भेजकर जल्द व्यवस्था में सुधार लाने की चेतावनी दी है। उपमंडल के अस्पताल की दुर्दशा पर जल्द सुधार न लाने पर जन आंदोलन करने बारे चेताया है। वीरवार को रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर के उपाध्यक्ष विनोद राठौर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय पहुंचे वरिष्ठ नागरिक अजय ठाकुर, पीसी महंत, रोटरी क्लब के सचिव एसके पठानिया, रोटेरियन मुकेश, कारोबारी मोहित गुरंग, व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के महासचिव सतवीर और खेल प्रशिक्षक रीता ने अस्पताल में लचर व्यवस्था पर रोष जताया।
उन्होंने बताया कि मुख्य ओपीडी में चिकित्सक न मिलने से हर रोज मरीज मायूस होकर लौट रहे हैं। वार्डों में दाखिल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने के लिए भी चिकित्सक नहीं मिल पा रहे हैं। रेफरल अस्पताल बन चुके सौ बिस्तरों वाले इस स्वास्थ्य संस्थान की बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर स्थानीय नेताओं ने भी चुप्पी साध ली है। स्वास्थ्य विभाग भी लापरवाह बना हुआ है। ऐसे में समूचे उपमंडल की सवा लाख आबादी के लोगों में रोष बढ़ रहा है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता व रोटेरियन अजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव को चेताया है कि अगर जल्द अस्पताल में रिक्त पड़े चिकित्सकों को पदों को नहीं भरा तो मरीजों संग कारोबारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी जन आंदोलन के लिए भी लामबंद होंगे।
सौंपे गए ज्ञापन को उचित माध्यम से सरकार और स्वास्थ्य विभाग के ध्यान में लाने के लिए भेजा जा रहा है।
-मनीश चौधरी एसडीएम जोगिंद्रनगर