भांबला (मंडी)। रविंद्र नाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय भारतीय राजनीति के समसामयिक मुद्दों पर चर्चा रहा। जिसमें प्रतिभागियों ने पांच प्रमुख विषयों पर पक्ष और विपक्ष में अपने विचार तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए। चर्चा के विषय एक देश, एक चुनाव, भारत में मतदान की अनिवार्यता, आतंकवाद विरोधी सख्त कानून, सोशल मीडिया पर नियंत्रण तथा समान नागरिक संहिता रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरआर कौंडल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने भाग लिया, जिनमें टीम बी ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में कुसुम, प्रिया चंदेल, अभिषेक और शिवानी शर्मा शामिल थे। द्वितीय स्थान टीम सी ने प्राप्त किया, जिसमें दिव्या, आकांक्षा, नेहा वर्मा और अंजलि ने भाग लिया। तृतीय स्थान टीम डी को मिला, जिसमें वेदिका, आरती, प्रिया और मोनिका शामिल रही।