धर्मपुर (मंडी)। चोलथरा में एनएच निर्माता कंपनी की अनियमितताओं के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज करने पर विभिन्न संगठन भड़क गए हैं। इस कार्रवाई की चोलथरा व्यापार मंडल, ग्राम पंचायत, सर्वोदय जनकल्याण समिति, एनएच प्रभावित संघर्ष समिति, हिमाचल किसान सभा और अन्य लोगों ने निंदा की है। एफआईआर को रद्द करने की मांग उठाई है।
पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने 20 मई को एसडीएम और 26 मई को डीएसपी सरकाघाट को लिखित में शिकायत पत्र लिखकर कंपनी पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन एसडीएम ने एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को भेजने के बजाय विभाग को उसे आगामी कार्रवाई के लिए हमीरपुर भेज कर औपचारिकता पूरी की है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि 2 जून को रखोह में भी प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने साफ किया है कि कंपनी और प्रशासन के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि इस प्रकार के झूठे केस बनाकर यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। व्यापार मंडल के प्रधान बिहारी लाल और ग्राम पंचायत प्रधान मेहर चंद गारला ने बताया कि प्रशासन की तरफ सेे कोई सख्त कार्रवाई अमल पर नहीं लाने के चलते विभिन्न संगठनों और जनता को सड़क पर उतरना पड़ा। संवाद