धर्मपुर (मंडी)। सरी पंचायत के नालड़ गांव में शराब का ठेका खोलने का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शराब के ठेके को सात दिनों में बंद नहीं किया तो पंचायत के लोग सड़क पर उतर कर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
सरी पंचायत के प्रधान कश्मीर सिंह ने बताया कि शराब के ठेके को खोलने से पहले न तो पंचायत से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया और न ही ग्रामीणों से कोई बात की है। जहां यह ठेका खोला गया है, वह सार्वजनिक स्थान है।
इस जगह से सरी, फिहड़, कल्युन, कपाही व सनौर के लोगों का आना-जाना रहता है। यहां मंदिर भी है और यहां से छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। महिलाएं ही अधिकतर बच्चों को स्कूल छोड़ने व ले जाने के लिए आती हैं। इसके साथ श्मशानघाट भी है। सरकार व प्रशासन को फैसला लेकर इस शराब ठेके को बंद कर देना चाहिए।
इस मौके पर रूपलाल, रामलाल, जगदीश चंद, शशीकांत इत्यादि लोग भी मौजूद रहे। उधर, एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि उनके ध्यान में मामला अभी आया है। वह पिछले दो माह से ट्रेनिंग में थे। जांच कर शराब के ठेके को लेकर निर्णय लिया जाएगा।