नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के ग्राम देवता सत श्री देव बालाकामेश्वर मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। शातिरों ने सोमवार रात मंदिर के चार द्वारों पर लगे ताले तोड़कर तीन दानपात्रों से करीब एक लाख का चढ़ावा और चांदी के आभूषण चुरा लिए हैं।
शातिरों ने मंदिर के मुख्य लकड़ी के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। शातिर मंदिर के ऊपर से अंदर घुसे थे। चोरी की घटना का पता मंगलवार सुबह छह बजे चला, जब मंदिर कमेटी के मुख्य सलाहकार हेम सिंह वालिया पहुंचे। उन्होंने तुरंत जानकारी कमेटी महासचिव गोविंद ठाकुर को दी। पुसिस को भी सूचित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मंदिर कमेटी के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी है। इसमें रात तीन बजकर 10 मिनट पर दो शातिर बोरा उठाकर बाहर जाते दिख रहे हैं। लोगों के अनुसार पिछले 15 दिन में तीन बार दो शातिर मंदिर के पास देखे गए हैं। मंदिर में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए कमेटी ने दो सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। शातिर उन सीसीटीवी वाले कमरों के दरवाजों को तोड़कर अंदर से सीडीआर भी ले गए हैं। इससे ऐसा लग रहा है कि वारदात में स्थानीय लोगों का भी हाथ हो सकता है।
...
गलमा जातर में थे देवता : पुजारी
सत श्री देव बालाकामेश्वर आजकल घाटी के दौरे पर हैं। पूरे माह यात्रा पर रहते हैं। देव पुजारी हंसराज शर्मा ने बताया कि देवता रात को श्याम काली मंदिर में विराजे थे। मंगलवार को श्याम काली मंदिर के पास देवता की गलमा जातर धूमधाम से मनाई। इस दौरान उनके आभूषण भी साथ होते हैं।
...
दो साल पहले मंदिर से चुराई थी 15 किलो चांदी
मंदिर कमेटी के अनुसार मंदिर में दो साल पहले भी चोरी हुई थी। तब शातिर 15 किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए थे। इसके बाद मंदिर कमेटी ने परिसर में 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। दो जगह कैमरों का सेटअप तैयार किया था जिसका किसी को भी पता नहीं था। दो साल पहले हुई इस चोरी के मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। उधर मंदिर के अंदर पुजारियों के अलावा कोई नहीं जाता है। शातिरों ने अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर के मुख्य गूर शास्त्री नेत्र सिंह और कमेटी अध्यक्ष धर्म सिंह ने बताया कि घटना के बाद अब मंदिर का शुद्धिकरण किया जाएगा।
...
मंदिर कमेटी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।
-संजय कुमार, थाना प्रभारी बल्ह
000