सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद सुंदरनगर मंडल ने भौर गांव में एक व्यक्ति को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। आरोपी करीब तीन महीने से बिजली की चोरी कर रहा था। रंगे हाथों पकड़े जाने पर उसे करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आरोपी केसर सिंह को विद्युत बोर्ड ने हिदायत दी है कि यदि भविष्य में भी वह ऐसा करता हुआ पकड़ा गया तो उसके घर का बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। सुंदरनगर मंडल के अधिशासी अभियंता ई. विकास शर्मा ने बताया कि बोर्ड की ओर से गांव में बिजली के मीटरों की रुटीन चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान भौर गांव के व्यक्ति के घर का मीटर चेक किया गया तो वहां पर पुराना मीटर लगा हुआ था। व्यक्ति ने मीटर रीडिंग रोक रखी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए बोर्ड ने व्यक्ति पर बिजली चोरी के आरोप में एक लाख रुपये की राशि का जुर्माना लगाया है।
बिजली के पुराने मीटर में जुगाड़ से रीडिंग रुक जाती है। मीटरों की चेकिंग जारी रहेगी। यदि कोई अन्य व्यक्ति बिजली चोरी के मामले में पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
000