करसोग (मंडी)। करसोग उपमंडल की नांज सड़क पर रविवार देर रात एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो जख्मी हैं। घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। तीनों युवक सोमाकोठी से बाइक पर नांज देव मेले में जा रहे थे लेकिन कोटलु कैंची से करीब आधा किलोमीटर आगे हादसे का शिकार हो गए।
बाद में ग्रामीणों ने उन्हें देखा और राहत बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस को भी बुलाया गया। मृतक की पहचान नेक राम (22) निवासी शंकरदेहरा के रूप में हुई है। युवक ने हादसे के बाद रास्ते में दम तोड़ दिया। सोमाकोठी डाकघर के गांव ग्रांकुल निवासी नरेश कुमार पुत्र शेतु राम और सोमकोठी डाकघर के गांव शाहा निवासी इंद्रपाल पुत्र सरणु राम जख्मी हैं। उनका शिमला में उपचार चल रहा है। मामले की पुष्टि डीएसपी करसोग ने की है। संवाद