मंडी। सदर थाना मंडी की टीम ने दो युवकों को एक किलो 144 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक कुल्लू के रहने वाले हैं।
सदर थाना की टीम ने वीरवार रात मंडी शहर के भ्यूली पुल के पास गाड़ियों की चेकिंग के लिए नाका लगाया था। पुलिस ने कुल्लू से आ रही एक कार को रोका तो उसमें सवार दो युवकों से चरस बरामद की गई। आरोपियों की पहचान देवानंद (21) और देवेंद्र (24) निवासी बंजार, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक मंडी विवेक चाहल ने बताया कि आरोपी युवकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
युवकों ने चरस कहां से लाई और कहां ले जा रहे थे, इसकी बारीकी से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस नशे की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। संवाद