मंडी। प्रदेश सरकार ने इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना के तहत बेटी के जन्म पर दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया है। प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस बारे में नोटिफिकेशन जारी कर दी है। भ्रूण हत्या के खात्मे और बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार ने वर्ष 2006 से इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना चलाई है। योजना के तहत एक और दो बेटियों के जन्म के बाद परिवार नियोजन अपनाने पर सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
योजना के तहत एक बेटी के जन्म पर नसबंदी करवाने वाले दंपति को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती थी। अब इस राशि को बढ़ा कर 35 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं, दो बेटियों के जन्म पर नसबंदी करवाने पर योजना के तहत 20 हजार रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है।
एक बेटी के जन्म पर नसबंदी करवाने वाले दंपति की बेटी के नाम 35 हजार रुपये की एफडी विभाग की ओर से करवाई जाएगी। इस एफडी को बेटी के 18 साल के होने के बाद ही निकाला जा सकता है। वहीं, दो बेटियों के जन्म के बाद नसबंदी करवाने पर 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। जिसके तहत दोनों बेटियों के नाम विभाग की ओर से साढ़े बारह हजार रुपये की एफडी की जाएगी। इस एफडी को दंपति बेटियों के 18 वर्ष के होने के बाद ही तुड़वा सकेंगे।
कोट्..
विभाग से इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाने की नोटिफिकेशन मिली है। जिले के तहत चार दंपतियों को बढ़ी हुई राशि का लाभ दिया गया है।
..डा. देशराज शर्मा सीएमओ मंडी।