सरकाघाट/ धर्मपुर (मंडी)। लौंगणी पंचायत के हुक्कल गांव में एक करियाने की दुकान आग से राख हो गई। आग की इस घटना में दुकान मालिक की तीन लाख रुपये की संपत्ति जल गई है। घटना के वक्त प्रभावित परिवार के सदस्य दुकान की ऊपरी मंजिल में सोए हुए थे। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दुकान मालिक सतीश कुमार पुत्र नंदलाल अपने दो मंजिल मकान के प्रथम तल में दुकान चलाता है। सतीश ने कहा कि बुधवार रात आंधी तूफान के बाद लगभग तीन बजे के करीब वह बाहर निकला तो उसने दुकान के शटर से धुआं निकलता देखा। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। परिजनों का शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण भी एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी। दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान राख हो गया।
सतीश न्यूज एजेंसी भी चलाता है। सतीश ने कहा कि आग की इस घटना में उसका तीन लाख से अधिक का नुकसान हो गया है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस व एसडीएम धर्मपुर को दी। राजस्व कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रभावित दुकानदार को नियमों के अनुसार उचित राहत राशि प्रदान की जाएगी।