मंडी। जिले में कुल 10,76,821 उपभोक्ताओं में से अभी तक 9,17,437 उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी करवाई है। अभी 1,59,250 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी होना शेष है। जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं करवाई है, विभाग ने उनके राशन कार्ड बंद कर दिए हैं। ई-केवाईसी करवाने पर ही कार्ड बहाल किए जाएंगे।
विभाग की ओर से पिछले दो साल से राशन कार्ड उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करवाने की प्रक्रिया चल रही थी। विभाग ने बार-बार ई-केवाईसी करवाने की तिथि को आगे बढ़ाया। फिर भी कई उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है। ई-केवाईसी न करवाने वालों के अब राशन कार्ड बंद कर दिए हैं। विभाग ने साफ किया है कि राशन कार्ड बंद हुए हैं वे ई-केवाईसी करवाने के ही बहाल हो सकेंगे।
ई-केवाईसी करने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर से ई-केवाईसी पीडीएस एचपी एप डाउनलोड करके की जा सकती है। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत अब अन्य राज्य के लाभार्थियों को ई-केवाईसी करने के लिए अपने गृह राज्य में जाने की आवश्यकता नहीं है। ये सभी अपना आधार कार्ड लेकर उचित मूल्य की दुकान पर ई-केवाईसी के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला नियंत्रक मंडी विजय सिंह हमलाल ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया को तीन में से किसी एक माध्यम से पूरा किया जा सकता है। इसमें ई-केवाईसी एंड्राइड एप, ई-केवाईसी एट सीएससी सेंटर एवं ई-केवाईसी एट एफपीएस शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1967 या जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01905-222197 पर संपर्क किया जा सकता है।
000