सुंदरनगर (मंडी)। डीएवी स्कूल सुंदरनगर में कला क्षेत्र युवा मंडल सुंदरनगर की ओर से तीन दिवसीय श्रावण की आमद कार्यक्रम मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में रोटरी क्लब सुंदरनगर के सचिव विमल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में स्कूल के प्रधानाचार्य मोहित चुग एवं समाजसेवी दर्शन खरबंदा मौजूद रहे।
कला क्षेत्र युवा मंडल के प्रधान दिनेश गुप्ता ने अतिथियों को कथक सोपान पुस्तक भेंट की। कार्यक्रम का आगाज गुरु वंदना से किया। इसके बाद अकादमी के विद्यार्थियों ने तराना, मोहे पनघट पर नंदलाल छेड़ गयो रे, सकल बना, शुद्ध कथक नृत्य, सामूहिक तबला वादन चतुरंग जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में मशहूर गजल गायक अमृतपाल ने बेहतरीन गजलों की प्रस्तुति दी। इंद्रजीत अरोड़ा, राम प्रकाश, राखी चुग, डॉ. वंदना शर्मा, सारिका सूद, संगीत अध्यापिका ललिता बंगिया विशेष रूप से मौजूद रहे। संवाद