जिला भर के तकनीकी सहायक अब प्रदेश सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय पर तकनीकी सहायकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान तकनीकी सहायकों ने मंडी शहर में एक रैली निकाली। उसके बाद डीसी मंडी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर उनकी मांगें जल्द पूरी करने की मांग उठाई।
तकनीकी सहायक संघ के प्रदेश सह संयोजक भुवनेश कुमार शर्मा ने कहा कि समस्याओं के बारे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जल्द ही समस्या हल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उन्हें मनरेगा में दैनिक भोगी बनाकर उनका भविष्य अंधकार में धकेल दिया। इससे पंचायत तकनीकी सहायकों में रोष है। उन्होंने कहा कि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिमला में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तिथि जल्द घोषित कर दी जाएगी। इस अवसर पर बृजेंद्र, फतेह सिंह, हेमराज शर्मा, राकेश गुप्ता, रमेश आदि मौजूद रहे।