एमएलएसएम कॉलेज में धरना प्रदर्शन करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ता। स्त्रोत: संगठन
सुंदरनगर (मंडी)। एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में मंगलवार को अचानक माहौल गर्मा गया। कॉलेज प्राचार्य पर एक बीसीए छात्रा से बदतमीजी करने के आरोप लगे। इससे आक्रोशित एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने तत्काल कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एनएसयूआई के अध्यक्ष अभय ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कैंपस इंचार्ज करण सिंह और कार्यकर्ता प्रांजल, अरुण, मोहित, जुबैर अख्तर भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। छात्र हितों की आवाज बुलंद करने के परिणामस्वरूप कॉलेज प्राचार्य ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसी के साथ आश्वासन दिया कि भविष्य में छात्रों का सम्मान सर्वोपरि रखा जाएगा।
ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी। कर्ण सिंह ने कहा कि एनएसयूआई छात्र हित में हर जगह खड़ी रहेगी। बदतमीजी किसी भी तरह से सहन नहीं होगी। कहा कि कॉलेज प्राचार्य ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। ऐसे में प्रदर्शन खत्म किया, लेकिन भविष्य में इस तरह की घटना कतई सहन नहीं होगी। संवाद