सरकाघाट (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट की एनएसएस इकाई ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गोद ली गई पंचायत नबाही में कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर की सफाई से हुई। एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव की गलियों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई की। ग्रामीणों को स्वच्छता, प्लास्टिक प्रबंधन, कचरे का पृथक्करण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत प्रधान एवं सदस्य भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रीति एवं डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं, बल्कि ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी मदद करते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आरआर कौंडल ने स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वच्छता जीवन शैली का अभिन्न अंग है और युवा वर्ग के माध्यम से ही समाज में व्यापक बदलाव संभव है। संवाद