मंडी। अब मरीजों को मंडी अस्पताल में एक्स-रे रिपोर्ट लेने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मरीज को मात्र डेढ़ मिनट में एक्स-रे रिपोर्ट मिलेगी। जोनल अस्पताल मंडी में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा स्थापित डिजिटल एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया।
इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने मंडी अस्पताल में रोगियों की सुविधा के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सात मंजिला रैंप, एक करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित चिकित्सकों के पांच मंजिला आवासीय परिसर, 12 लाख की लागत से निर्मित मुख्यमंत्री राज्य स्वास्थ्य देखभाल योजना के पंजीकरण एवं कार्ड वितरण डोम, चार लाख की लागत के एलिजा रीडर, चार लाख की लागत के ब्लड बैंक काउचिज तथा छह लाख की डेंटल चेयर और रेनोवेशन कार्य का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला परिषद मंडी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर, एडीसी पीसी अकेला, नेरचौक मेडिकल कालेज के प्राचार्य एवं डीन डा. डीएस धीमान, सीएमओ डा. देशराज शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जोगिंद्र ठाकुर, विजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इनसेट
अगले सत्र से शुरू होगा नेरचौक मेडिकल कॉलेज : कौल
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला मंडी में लगभग 14 करोड़ 46 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कई कारगर कदम उठाए गए हैं। नेरचौक में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का प्रदेश सरकार ने अधिग्रहण कर लिया है। वर्ष 2017-18 से यहां प्रशिक्षण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।