मंडी। शहर के 20 सब्जी कारोबारियों की रेट लिस्ट में खामियां पाए जाने पर प्रशासन ने नोटिस दिए हैं। जबकि, तीन सब्जी विक्रेताओं के चालान काटे। एसडीएम सदर मदन कुमार की अगुवाई में विभागीय टीम ने शहर की सब्जी, ढाबों और अन्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसबीआई की मुख्य शाखा भवन के धरातल मंजिल की सब्जी मार्केट और सकोढी पुल पर बैठे 20 सब्जी विक्रेताओं की रेट लिस्ट में खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी किए हैं। जिसमें जल्द रेट लिस्ट को सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, तीन कारोबारियों के मौके पर ही चालान किए गए। इसके अलावा दो ढाबों से घरेलू गैस के दो सिलेंडर जब्त किए हैं। स्कूल बाजार की दुकानों में सड़क तक सजाए सामान को पीछे हटाया है। दुकानदारों को चेतावनी दी है कि अगर आगे से सामान बाहर तक सजाया तो प्रति दुकानदार पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। स्कूल बाजार में हाल ही में फु टपाथ बने हैं। यहां अवैध रूप से सामान बाहर सजाने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उधर, एसडीएम सदर मदन कुमार ने कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति निरीक्षक सदर तथा शहरी क्षेत्र के साथ मंडी शहर में सब्जी दुकानों, ढाबों का औचक निरीक्षण किया।