सुंदरनगर से बुलाए गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर कुल्लू हाईवे पर बिंद्रावणी के पास पैर फिसलने से ब्यास नदी में डूबे युवक का 48 घंटों बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया। शनिवार को भी एनडीआरएफ और सुंदरनगर के बुलाए गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाया। हालांकि दोपहर एक बजे पंडोह डैम से पानी छोड़ने के बाद सुंदरनगर से आए गोताखोरों ने सर्च अभियान रोक दिया।
सुंदरनगर के गोताखोर उद्यम सिंह ने बताया कि डेढ़ दिन में पूरे क्षेत्र को खंगाला गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। उन्होंने आशंका जताई कि ब्यास का पानी बढ़ने के कारण शव कहीं किनारे पर फंसा मिल सकता है। उधर, प्रशासन की ओर से देर शाम तक सर्च अभियान चलाए रखा। बता दें कि 18 वर्षीय जसदीप सिंह पुत्र हरमेश सिंह निवासी गांव मुल्लांपुर खरड़ शुक्रवार सुबह ब्यास में मुंह धोते समय गिर गया था। उक्त युवक पंजाब से 5 दोस्तों के साथ आया था। शनिवार को सर्च अभियान के दौरान युवक के परिजन भी मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश कर रही है।