बोले, दूरदराज के प्राकृतिक जल स्रोतों से ढोना पड़ रहा पानी, तहसीलदार को भी सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। क्षेत्र के भड़ोल गांव के लोग पेयजल समस्या से परेशान हैं। हालत यह है कि एक सप्ताह से गांव में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। पेयजल की समस्या से परेशान महामाया मंदिर कमेटी भड़ोल के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग कार्यालय लडभड़ोल के बाहर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार कार्यालय में पहुंचकर तहसीलदार को समस्या के समाधान को लेकर उन्हें भी ज्ञापन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना गांव से दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। हालांकि समस्या के समाधान को लेकर कई बार जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है। महामाया मंदिर कमेटी भड़ोल के प्रधान विजयकांत शर्मा, ग्रामीण विनोद शर्मा, सुदर्शन शर्मा, आंचल शर्मा, विकास उपाध्याय, कुलदीप शर्मा, रवि शर्मा, सोनू शर्मा आदि ने बताया कि भड़ोल गांव में एक सप्ताह से ग्रामीणों को पेयजल किल्लत से जूझ़ना पड़ रहा है। हालांकि समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग कार्यालय पहुंच कर शिकायत करवानी चाही, लेकिन कार्यालय में कोई अधिकारी उपस्थित न होने के चलते उन्हें तहसीलदार को ज्ञापन देना पड़ा। बताया कि गर्मी के मौसम में पानी के बगैर लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। हालांकि ग्रामीणों को गांव से दूर बने प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें परिवार को खाना बनाने, सफाई, कपड़े धोना, पशुओं के लिए पानी न मिलने पर परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को चेताया कि यदि शीघ्र उनके गांव के लिए पेयजल आपूर्ति नहीं की गई तो मजबूरन मंडलीय कार्यालय के बाहर बर्तन लेकर घेराव करेंगे।
बिजली बाधित रहने से आ रही समस्या
इस बारे में जल शक्ति विभाग मंडल चौंतडा के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर ने बताया कि जोगिंद्रनगर में लग रहे विद्युत कट की वजह से पेयजल उठाने में समस्या आ रही है। हालांकि इस संबंध में विद्युत बोर्ड अधिकारियों से समस्या के निदान की मांग की है। उन्होंने बताया कि लडभड़ोल क्षेत्र में पानी की समस्या से जूझ रही जनता का हल जल्द किया जाएगा।