मंडी। 500 और 1000 रुपये के नोट चलन से बाहर होने के कारण करंसी एक्सचेंज करने और कैश जमा करवाने के लिए शनिवार को अवकाश के दिन सभी बैंक खुले रहे। सौ रुपये के नोटों की कमी के चलते जिला भर में अधिकतर बैंकों के एटीएम बंद पड़े रहे। एटीएम से कैश न निकलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिन बैंकों के एटीएम से पैसे निकल रहे थे, उनके बाहर लोगों की लाइन लगी रही।
शनिवार को एटीएम और बैंकों में नोट बदलने तथा कैश जमा करवाने के लिए खूब भीड़ रही। सुबह नौ बजे से ही लोग बैंकों के बाहर खड़े हो गए थे। बैंक खुलते ही काउंटरों से लाइन लगी रही। सबसे ज्यादा भीड़ एसबीआई और पीएनबी की शाखाओं में है। मंडी शहर के एसबीआई और पीएनबी की एटीएम के बाहर कतारें रहीं। जबकि जिला के नेरचौक में राज्य सहकारी बैंक, इलाहाबाद, आंध्रा बैंक, केनरा, एसबीआई, पीएनबी, पंजाब सिंध बैंक, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एटीएम में कैश नहीं था। थुनाग में भी पीएनबी का एटीएम बंद रहा। चैलचौक, बासा, बरोट के मुलथान, धर्मपुर क्षेत्रों में एटीएम खाली रहे। जोगिंद्रनगर के मेन चौक में एसबीआई का एटीएम दो दिनों से बंद है। जबकि राज्य सहकारी बैंक के दो बजे के बाद कैश खत्म हो गया था।
जिला के कई बैंकों में पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को एक्सचेंज करने के लिए कैश नहीं था। एटीएम मशीनों में अभी तक दो हजार रुपये के नये नोट नहीं डाले गए। जिस कारण सौ-सौ रुपये के नोट एटीएम में डालने के कुछ ही घंटों में कैश खत्म हो रहा है। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार, बीआर शर्मा, सुरजीत, जगदीश, सुरेश कुमार आदि का कहना है कि एटीएम मशीन से कैश निकालने के लिए लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है। कई बैंकों के एटीएम में कैश ही नहीं है।
बाक्स
रविवार को खुले रहेंगे डाकघर
मंडी। डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक भवानी प्रसाद ने बताया कि नई नगदी प्रचलन के चलते 13 नवंबर रविवार को सभी डाक घर खुले रहेंगे। मंडी डाक मंडल के अधीन सभी प्रधान डाकघर व विभागीय उप डाकघर जिनमें मंडी, कुल्लू, लाहौल घाटी के डाकघर भी शामिल हैं, लोगों की सुविधा के लिए खुले रहेंगे। इस दिन विभागीय डाकघर बचत बैंक की सेवाएं प्रदान करेंगे व पुरानी नगदी को नई नगदी से भी परिवर्तित किया जाएगा।