जोगिंद्रनगर (मंडी)। विकास खंड चौंतड़ा के अधीन आने वाली पंचायतों में बेटियों के जन्मदिवस पर उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जोगिंद्रनगर उपमंडल की तलकेहड़ पंचायत ने इस अभियान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। पंचायत प्रधान शूचिका ने बेटियों के लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि जल्द ही इस संबंध में योजना का प्रारूप तैयार किया जाएगा।
तलकेहड़ पंचायत के सभी सात वार्डों में बेटियों के लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी का खर्च उठाने का निर्णय भी लिया गया है। पंचायत में पुस्तकालय में पठन-पाठन की सामग्री के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे, जबकि खेलकूद प्रतियोगिताओं में बेटियों के हुनर को निखारने के लिए खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बेटियों की आत्मरक्षा के लिए भी प्रशिक्षण दिलाने की योजना बनाई गई है। यह कदम न केवल बेटियों के सम्मान को बढ़ाएगा, बल्कि समाज में समानता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करना शुरू कर दिया है।